औसत से अधिक बुद्धिमान व्यक्ति होने के क्या लक्षण होते हैं?

यदि आप औसत से अधिक बुद्धिमान हैं तो आपके भीतर निम्नलिखित 9 विशेषताएं होनी चाहिएः

1. आपको लोगों से बातचीत करने में अधिक रुचि नहीं होती – जिस तरह की बातचीत करने में आप रूचि लेते हैं वह विवादास्पद विषयों पर केंद्रित होती है या भावनाओं को उद्वेलित करती है.

2. आप अधिकांश उत्तरों से असंतुष्ट रहते हैं – “हां, ठीक है” आप खुद से यह कहेंगे और फिर “लेकिन इसका क्या अर्थ है”? “फिर उसके बाद क्या होगा”? “ऐसा कैसे हो सकता है?” जैसे विचार आपके मन में तेजी से आते रहते हैं.

3. आप टीवी मनोरंजन करने के लिए नहीं देखते – आप टीवी पर मनोरंजक कार्यक्रम देखकर समय व्यर्थ करने के स्थान पर सार्थक और जानकारी बढ़ानेवाली चीजें देखना पसंद करते हैं.

4. अपने खाली समय में आप जो कुछ भी करते हैं उसका कुछ उद्देश्य होता है – आप जानते हैं कि आप क्या कर रहे हैं और आप अपनी हर गतिविधि को योजनाबद्ध रुप से करते हैं.

5. आप हर दिन कुछ नया सीखते हैं – ऐसा कोई भी दिन नहीं बीतता जिस दिन आप कुछ नया नहीं सीखते. कभी-कभी तो आपको यह भी लगने लगता है कि आप इतना कुछ सीख या जान रहे हैं जिसका आपके जीवन से कोई लेना-देना नहीं है.

6. आप जानते हैं कि लोग कहां जा रहे हैं – किसी भी वार्तालाप में आप यह पहले ही जान जाते हैं कि आपके सामनेवाले की जानकारी का स्तर कितना है और वह बात को किस दिशा में ले जाना चाहता है, और अगली बात वह क्या कहेगा.

7. आपकी दृष्टि लक्ष्य पर होती है – जब दूसरे लोग तरह-तरह की समस्याओं या व्यर्थ के कार्यों में उलझे रहते हैं तब आप अपना फ़ोकस बनाए रखते हैं. आप दूरगामी योजनाएं बनाकर अपने लक्ष्य के निकट पहुंचते जाते हैं.

8. आप तुलनाएं सहज रूप में ही कर लेते हैं – आप विभिन्न विचारों और विषयों के बीच तुलनात्मक अंतरों को आसानी से पहचान लेते हैं और उन्हें एक-दूसरे से संबद्ध करके यह बता सकते हैं कि किस बात का महत्व अधिक है और कौन सी बेकार है.

9. आपका दिमाग एक कदम आगे चलता है – अधिकांश लोग किसी बात पर विचार उस सीमा तक नहीं करते जिस बिंदु तक आप कर लेते हैं. ऐसी स्थिति में आप ही वह व्यक्ति होते हैं जो कोई बिल्कुल अनूठा विचार प्रस्तुत करता है. आपका बोध अन्य व्यक्तियों से गहरा होता है और आपका दिमाग एक कदम आगे जाकर उत्तरों की खोज कर लेता है.

Quora पर जैसा Lukas Schwekendiek ने बताया. Photo by Michał Parzuchowski on Unsplash

There are 4 comments

  1. इंटेलीजेंट व्यक्तियों की पहचान कैसे होती है? | हिंदीज़ेन : HindiZen

    […] दिन पहले हिंदीज़ेन पर पोस्ट औसत से अधिक बुद्धिमान व्यक्ति होने के … प्रकाशित की गई थी. यह पोस्ट भी उससे […]

Leave a Reply