स्वर्ग का आनंद

मरने के कुछ ही क्षणों के भीतर जुआन ने स्वयं को एक बहुत सुंदर स्थान में पाया जहाँ इतना आराम और आनंद था जिसकी उसने कभी कल्पना भी न की थी। श्वेत वस्त्र पहने हुए एक व्यक्ति उसके पास आकर उससे बोला:

“आप जो भी चाहते हैं, आपको वो मिलेगा – कैसा भी भोजन, भोग-विलास, राग-रंग”।

और जुआन ने वही किया जिसके सपने वो पूरी ज़िन्दगी देखता रहा था। कई सालों तक उस स्वर्गिक आनंद को भोगने के बाद एक दिन उसने श्वेत वस्त्र पहने व्यक्ति से पूछा:

“मैं जो कुछ भी कभी करना चाहता था वह सब करके देख चुका हूँ। अब मैं कुछ काम करना चाहता हूँ ताकि स्वयं को उपयोगी अनुभव कर सकूँ। क्या मुझे कुछ काम मिलेगा?”

“मैं क्षमा चाहता हूँ” – श्वेत वस्त्र पहने व्यक्ति ने कहा – “यही एकमात्र चीज़ है जो हम आपके लिए नहीं कर सकते। यहाँ कोई काम नहीं है”।

“अजीब बात है!” – जुआन ने चिढ़कर कहा – “मैं इस तरह तो अनंतकाल तक यहाँ वक़्त नहीं गुजार सकता! इससे तो अच्छा होगा कि आप मुझे नर्क में भेज दें!”

श्वेत वस्त्र पहने व्यक्ति ने उसके पास आकर धीमे स्वर में कहा :

“और आपको क्या लगता है आप कहाँ हैं?”

Photo by Dino Reichmuth on Unsplash

There are 2 comments

टिप्पणी देने के लिए समुचित विकल्प चुनें

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.