कुछ लोग कहते है कि हमें किसी की निंदा नहीं करनी चाहिए. किसी को भला, किसी को बुरा कहना राग-द्वेष है. सही भी है, किसी की निंदा करना बुरा है. किन्तु भले और बुरे में सम्यक भेद करना उससे भी कहीं अधिक उत्तम है. भला-बुरा, हित-अहित और सत्यासत्य का विवेक रखकर, बुरा अहितकारी और असत्य का त्याग करना. भला, हितकारी और सत्य का आदर करना तो एक आवश्यक गुण ही है. जो जैसा है, उसे वैसा ही, बिना किसी अतिश्योक्ति के निरूपित करना, कहीं से भी बुरा कर्म नहीं है.

एक व्यापारी को एक अपरिचित व्यक्ति के साथ लेन-देन का व्यवहार करना था. रेफरन्स के लिए उसने, उसके परिचित और अपने एक मित्र को पूछा- “यह व्यक्ति कैसा है? इसके साथ लेन देन व्यवहार करनें में कोई हानि तो न होगी”.

उस व्यापारी का मित्र सोचने लगा – ‘मैं किसी के दोष क्यों बताऊँ? दोष दर्शाना तो निंदा है. मुझे तो उसकी प्रसंशा करनी चाहिए.’ इसप्रकार विचार करते हुए उसने उस धूर्त की प्रशंसा ही कर दी. सच्चाई और ईमानदारी के गुण, जो कि उसमें थे ही नहीं, उस धूर्त के लिए गढ़ दिए. मित्र की बात पर विश्वास करके व्यापारी ने उस धूर्त व्यक्ति के साथ व्यवहार कर दिया और कुछ ही समय में धूर्त सब कुछ समेट कर गायब हो गया. ठगा-सा व्यापारी अपने मित्र के पास जाकर कहने लगा- “मैने तुम्हारा क्या बिगाड़ा था, तुमने मुझे बर्बाद कर दिया. तुम्हारे द्वारा की गई धूर्त की अनावश्यक प्रसंशा ने मुझे तो डुबो ही दिया. तुमने मुझ निरपराध को धोखा क्यों दिया? तुम तो मेरे मित्र-परिचित थे, तुमने उसकी सत्य हक़ीकत छुपा कर झूठी प्रसंशा क्यों की?”

प्रशंसक कहने लगा- “मैं आपका शत्रु नहीं मित्र ही हूँ, और सज्जन भी हूँ. कोई भी भला व्यक्ति, किसी के दोष नहीं देखता, निंदा करना तो पाप है. मैने तुम्हें हानि पहुंचाने के उद्देश्य से उसकी प्रशंसा नहीं की. बल्कि, यह सोचकर कि ‘सज्जन व्यक्ति सभी में गुण ही देखता है’, -मैने तत्काल प्रशंसा की”.

“तो क्या उसमें ईमानदारी और सच्चाई के गुण थे?”

“हाँ, थे न! वह पहले ईमानदारी प्रदर्शित करके ही तो अपनी प्रतिष्ठा जमाता था. वह सच्चाई व ईमानदारी से साख जमा कर प्रभावशाली व्यवहार से रहा करता था. धोखा तो मात्र उसने अंतिम दिन ही दिया जबकि लंबी अवधि तक वह नैतिक ही बना रहा. अधिकाल गुणों की उपेक्षा करना और थोड़े से दोषों को दिखाकर निंदा करना तो पाप है. भला मैं ऐसा पाप क्यों करूँ?” – उसने सफाई दी.

“वाह! भाई वाह! तुम्हारा चिंतन और गुणग्राहकता कमाल की है. तुम्हारी इस सज्ज्ननता ने, मेरी तो लुटिया ही डुबो दी. तुम्हारी गुणग्राहकता तो उस ठग की सहयोगी ही बन गई. उसकी ईमानदारी और सच्चाई तो प्रदर्शन मात्र थी, केवल धूर्तता के लिए ही थी. भीतर तो बेईमानी ही छुपी थी. मैने आज यह समझा कि तुम्हारे जैसे गुणग्राहक तो धूर्तों से भी अधिक खतरनाक होते है”. – व्यापारी अपने भाग्य को कोसता हुआ चला गया.

यदि कोई वैद्य या डॉक्टर रोगी में रोग के लक्षणों को उजागर न करे, या फिर रोग को उजागर करना बुरा माने, अथवा ऐसा करने को सेहत की श्रेष्ठता का बखान माने, अथवा सेहत और रोग के लक्षणों को समभाव से समान मानकर उनका विश्लेषण ही न करे तो निदान कैसे होगा? और अन्ततः वह रोग कारकों से बचने का परामर्श न दे. कुपथ्य से परहेज का निर्देश न करे. उपचार हेतु कड़वी दवा न दे तो रोगी का रोग से पिंड कैसे छूटेगा? ऐसा करता हुआ डॉक्टर कर्तव्यनिष्ट सज्जन कहलाएगा या मौत का सौदागर?

कोई भी समझदार व्यकितु कांटों को फूल नहीं कहता, विष को अमृत समझकर ग्रहण नहीं करता. गोबर और हलवे के प्रति समभाव रखकर कौन समाचरण करेगा? छोटा बालक यदि गोद में गंदगी कर कपड़े खराब कर दे तो कहना ही पड़ता है कि ‘उसने गंदा कर दिया’. न कि यह कहेंगे ‘उसने अच्छा किया’. इस प्रकार बुरा कहना बच्चे के प्रति द्वेष नहीं है. बुरे को बुरा कहना सम्यक् आचरण है.

संसार में अनेक मत-मतान्तर है. उसमें से जो हमें अच्छा, उत्तम और सत्य लगे, उसे मानें, तो यह हमारा अन्य के साथ द्वेष नहीं है बल्कि विवेक है. विवेकपूर्वक हितकारी को अंगीकार करना और अहितकारी को छोड़ना ही चेतन के लिए कल्याणकारी है.

भले बुरे में भेद कर, बुरे का त्याज्य और भले का अनुकरणीय विवेक करना ही, नीर-क्षीर विवेक है.


Discover more from हिंदीज़ेन : HindiZen

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

8 responses to “नीर-क्षीर विवेक”

  1. यह निंदा नही थी …..यह एक सच्चाई थी ..जो छुपाई गई ..और मित्र के साथ न चाहते
    हुए भी धोखा हो गई !

  2. जो श्रेय हो वही स्वीकार्य हो..

  3. विवेक के उत्कृष्ट उदाहरण के रुप में बेमिसाल प्रस्तुति के लिए अशेष बधाई।

Leave a Reply to DP SinghCancel reply

Trending

Discover more from हिंदीज़ेन : HindiZen

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from हिंदीज़ेन : HindiZen

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading