बहुत पुरानी बात है. एक शख्स अपनी खूबसूरत औरत से बहुत प्यार करता था पर वह औरत किसी और को चाहती थी. पुराना ज़माना था, कोई किसी को तलाक देकर अलग नहीं हो सकता था. इसलिए उस औरत ने अपने पति से मुक़म्मल तौर से छुटकारा पाने के लिए एक तरकीब बनाई.
उसने अपने प्रेमी के मार्फ़त कब्रिस्तान से एक औरत की लाश का इंतजाम किया. फिर उसने अपने घर में एक हादसे की शक्ल बनाई और उस औरत की लाश को बुरी तरह से बिगाड़ कर अन्दर रख दिया.
जब उसका पति घर आया, तो वह यह देखकर बहुत रोया कि उसकी प्यारी ‘पत्नी’ किसी हादसे में मारी गयी है. उसने लाश को अपनी पत्नी जानकर सुपुर्द-ए-खाक़ किया. वह इतना ग़मज़दा था कि अपनी ‘पत्नी’ की राख हमेशा अपने साथ रखने लगा.
उस औरत की तरकीब काम कर गयी थी. वह अपने प्रेमी के साथ कहीं दूरदराज़ जाकर रहने लगी. कुछ अरसे के भीतर ही उनमें बड़े मनमुटाव हो गए और वे एक-दूसरे से दूर होते गए.
औरत को कहीं से पता चला कि उसका पति ‘उसकी राख’ को अभी भी दिल से लगाकर रखता है. उसके दिल में अपने पति के लिए प्यार जाग गया. एक दिन वह अपने प्रेमी को छोड़कर अपने पति के पास चल दी.
उसने अपने पति को उसके शहर में सड़क से गुज़रता देखा तो इस उम्मीद में उसका नाम लेकर पुकारा कि वह उसे जिंदा जानकर बहुत खुश हो जाएगा.
“तुम कौन हो?”, उसके पति ने कहा, “मैं तुम्हें नहीं जानता”.
यह सुनकर औरत का कलेजा धक्क रह गया. वह बोली, “मैं तुम्हारी बीवी…मैं जिंदा हूँ!”
“मेरी बीवी तो मर चुकी है. ये उसकी राख है जिसे मैं तभी से अपने दिल से लगाए घूम रहा हूँ. यह बात सब जानते हैं”, पति ने कहा.
खूबसूरत औरत के दुःख की हद न थी. यह कैसे हो सकता है कि जो शख्स उसकी ‘राख’ को अपने दिल से लगाए घूम रहा था, वही उसे सामने पाने पर पहचान भी नहीं पा रहा है!? उसने जो कुछ भी कहा, उसके पति को उसपर यकीन नहीं हुआ.
उसके लिए उसकी बीवी मर चुकी थी और उसके झूठ के साथ उसका प्यार भी मर गया था.





Leave a Reply to Hindi SMSCancel reply