Tag Archives: अच्छाई

भावना

चेरनोबिल के रब्बाई नाहुम को उनका पड़ोसी दुकानदार अपशब्द आदि कहकर अपमानित करता रहता था. एक समय ऐसा आया कि दुकानदार का धंधा मंदा चलने लगा.

“इसमें ज़रूर रब्बाई का हाथ है. वही ईश्वर से प्रार्थना करके अपना बदला निकाल रहा है” – उसने सोचा. फिर वह नाहुम के पास अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगने गया.

“मैं तुम्हें उसी भावना से क्षमा करता हूँ जिस भावना के वशीभूत होकर तुम क्षमा मांगने आये हो” – रब्बाई ने दुकानदार से कहा.

लेकिन दुकानदार का धंधा गिरता ही गया और अंततः वह बर्बाद हो गया. नाहुम के अनुयाइयों ने उससे दुकानदार के बारे में पूछा.

“मैंने उसे क्षमा कर दिया था परन्तु वह अपने मन में मेरे प्रति घृणा का पालन-पोषण करता रहा. इसके परिणामस्वरूप उसकी अच्छाई भी दूषित हो गयी और उसे मिला दंड कठोर होता गया.”

(A motivational / inspiring story about a Jew priest – in Hindi)

About these ads

7 Comments

Filed under Stories

मरू-संहिता

सहारा रेगिस्तान को पार करते हुए दो यात्रियों ने एक खानाबदोश बेदुइन की झोपड़ी को देखा और उसमें रुकने की इज़ाज़त मांगी. जैसे सभी बंजारा जातियां करतीं हैं, बेदुइन ने बहुत हर्षोल्लास से उनका स्वागत किया और उनकी दावत के लिए एक ऊँट को जिबह करके बेहतरीन भोजन परोसा.

अगले दिन दोनों यात्री तड़के ही उठ गए और उन्होंने यात्रा जारी रखने का निश्चय किया. बेदुइन उस वक़्त घर पर नहीं था इसलिए उन्होंने उसकी पत्नी को सौ दीनार दिए और अलसुबह चलने के लिए माफी मांगी. उन्होंने कहा कि ज्यादा देर करने पर सूरज चढ़ जाता और वे यात्रा नहीं कर पाते.

वे लगभग चार घंटे तक रेगिस्तान में चलते रहे जब उन्होंने किसी को पुकारते हुए सुना. उन्होंने मुड़कर देखा, बेदुइन आ रहा था. पास आने पर बेदुइन ने दीनारों की पोटली रेत पर फेंक दी. बेदुइन ने कहा – “क्या तुम लोगों को यह सोचकर शर्म नहीं आती कि मैंने कितनी ख़ुशी से तुम दोनों का अपनी झोपड़ी में स्वागत किया था!?”

यात्री आश्चर्यचकित थे. उनमें से एक ने कहा – “हमें जितना ठीक लगा उतना हमने दे दिया. इतने दीनारों में तो तुम तीन ऊँट खरीद सकते हो”.

“मैं ऊँट और दीनारों की बात नहीं कर रहा हूँ!” – बेदुइन ने कहा – “यह रेगिस्तान हमारा सब कुछ है. यह हमें हर कहीं जाने देता है और हमसे बदले में कुछ नहीं मांगता. यदि हमें इसे कुछ लौटा सकते तो हम यहाँ रहते ही क्यों? ज़िंदगी ने हमें जितना कुछ दिया है उसकी तुलना में तुम लोगों को अपनी झोपड़ी में ठहराने का मोल तो रत्ती भर भी नहीं होगा.”

(A motivational / inspirational story from the blog of Paolo Coelho – in Hindi)

Add to FacebookAdd to DiggAdd to Del.icio.usAdd to StumbleuponAdd to RedditAdd to BlinklistAdd to TwitterAdd to TechnoratiAdd to Yahoo BuzzAdd to Newsvine Add to Google Buzz

10 Comments

Filed under Stories

दो भेड़ियों में छिड़ा युद्ध

two wolvesएक गुरु नदी के किनारे अपने शिष्य के साथ बैठकर वार्तालाप कर रहा था.

शिष्य अभी बहुत छोटा था और उसने गुरु से अच्छाई और बुराई के बारे में कुछ पूछा.

“तुम जानते हो, हमारे भीतर हमेशा एक युद्ध चलता रहता है” – गुरु ने शिष्य से कहा – “दो भेड़ियों के बीच एक अंतहीन रक्तरंजित युद्ध”.

“पहला भेड़िया बुरा और वीभत्स है. वह क्रोध, शत्रुता, लोभ, निंदा, दुःख, पश्चाताप, हीनता, असत्य, अंहकार, स्वार्थ, दंभ, अवसरवादिता, प्रमाद, हठ, और मत्सर्य आदि से बना है”.

“और दूसरा भेड़िया अच्छा और सुन्दर है. वह मित्रता, प्रसन्नता, शांति, प्रेम, आशा, मानवता, दयालुता, दान, न्याय, समानुभूति, सत्य, करुणा, नैतिकता, और गहनता आदि से बना है”.

“ऐसे ही दो भेड़ियों के बीच तुम्हारे भीतर भी द्वंद्व छिड़ा हुआ है… और हर मनुष्य के भीतर भी”.

शिष्य ने बहुत तल्लीनता और चिन्तनपूर्वक गुरु की बात सुनी. फिर उसने गुरु से पूछा – “इनमें से कौन सा भेड़िया जीत जाता है?”

गुरु ने कहा – “वह जिसे तुम भोजन और पोषण देते हो”.

चित्र साभार – फ्लिकर

(Two warring wolves – story about goodness and evil – in Hindi)

9 Comments

Filed under Stories

जैसा बांटोगे, वैसा पाओगे

cornकिसी गांव में एक किसान रहता था जो मक्का उगाता था. उसे हर साल सबसे अच्छे मक्का उगानेवाले किसान का पुरस्कार मिलता था.

एक अखबार का रिपोर्टर उसका इंटरव्यू लेने के लिए आया और उसने किसान से बेहतरीन मक्का उगाने का राज़ पूछा. कई बातों के साथ किसान ने उसे यह भी बताया कि जिन बीजों से वह उत्कृष्ट मक्का उगाता है उन्हें वह अपने आसपास के किसानों में भी बांटता है.

रिपोर्टर को यह बात बहुत अजीब लगी. उसने आश्चर्य से किसान से पूछा – “आपके सबसे अच्छे बीजों के कारण ही तो आपको हर साल सबसे अच्छे मक्का उगानेवाले किसान का पुरस्कार मिलता है, उन्ही बीजों को साथी किसानों में बांट देने में भला कैसी अक्लमंदी है!?”

“लगता है आपको खेती करने के सबसे व्यावहारिक नियम के बारे में जानकारी नहीं है” – किसान ने कहा – “हवा पके हुए मक्का के परागकणों को दूर-दूर के खेतों तक लेकर जाती है. यदि मेरे पड़ोसी किसान घटिया मक्का उगाएंगे तो सहपरागण के कारण मेरे मक्का की गुणवत्ता प्रभावित होगी. अच्छी फसल उगानेवाले किसान को हमेशा इसी तरह दूसरे किसानों की मदद करनी चाहिए”.

* * * * * * * * * * * * * * *

इस किसान को पता है कि अगर उसके पड़ोसी किसान अच्छे बीज नहीं बोएंगे तो उसकी फसल भी उम्दा नहीं होगी.

ऐसा ही कुछ ज़िंदगी के साथ भी है. सदैव सुख और शांति से रहने की कामना करनेवाले व्यक्तियों को अपने पड़ोसियों की सुख-शांति की परवाह करनी चाहिए. किसी जीवन की कीमत इस बात से आंकी जाती है कि वह जीवन कितने लोगों के जीवन को छूता है. यदि आप खुश रहना चाहते हैं तो सब ओर खुशियां बिखेरें क्योंकि सबकी खुशियों पर ही आपकी खुशी निर्भर करती है.

चित्र साभार – फ्लिकर

(An inspiring anecdote / story in Hindi)

6 Comments

Filed under Stories

अच्छाई का बूमरैंग

हमारे विचारों में, कार्यों में, और व्यवहार में जो कुछ भी होता है वह देरसबेर हमारी और पलटकर वापस ज़रूर आता है. ऊपर जाते समय राह में मिलनेवालों से अच्छा बर्ताव करना चाहिए क्योंकि नीचे जाते समय वे रास्ते में फिर मिल सकते हैं.

कई साल पहले एक लड़का स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा था. उसके सामने आर्थिक समस्या थी और पढ़ाई जारी रखने के लिए धन जुटाने का कोई रास्ता न था. उसे एक उपाय सूझा. उसने सोचा कि वह महान पियानो वादक इग्नेसी पेडेरेस्की का एक पियानो वादन कार्यक्रम आयोजित करके उससे होनेवाली आय से अपने रहने-खाने और पढ़ाई का खर्चा निकाल लेगा.

पेडेरेस्की के मैनेजर ने फीस के रूप में 2,000 डॉलर की मांग रखी. उस जमाने में यह बहुत बड़ी रकम होती थी लेकिन लड़के ने इसके लिए हामी भर दी और कार्यक्रम की तैयारी में जुट गया. उसने बहुत हाथ-पैर मारे लेकिन केवल 1,600 डॉलर ही जुटा पाया. कार्यक्रम की समाप्ति पर उसने पेडेरेस्की को इतनी ही रकम जमा कर पाने की सूचना दी और 1,600 डॉलर के साथ 400 डॉलर का एक वचनपत्र दिया जिसमें यह लिखा था कि वह यथासंभव बाकी की धनराशि जमा करके पेडेरेस्की को भेज देगा. उसका आर्थिक संकट अब और विकराल हो गया था.

“नहीं” – पेडेरेस्की बोले – “मुझे यह नहीं चाहिए” – और वचनपत्र को फाड़ते हुए कहा – “इन 1,600 डॉलर में से अपने सारे खर्चे निकालकर जो बचे उसमें से 10% रख लो और बाकी धन मुझे दे दो”. लड़के को यह सुनकर बड़ी राहत मिली.

हर्बर्ट हूवर और इग्नेसी पेडेरेस्की
हर्बर्ट हूवर और इग्नेसी पेडेरेस्की

साल गुज़रते चले गए. प्रथम विश्व युद्ध छिड़ा और चला गया. पेडेरेस्की अब पोलैंड के राष्ट्रपति थे और उनके देश में घोर अकाल पड़ने के कारण नागरिक अन्न को तरस रहे थे. पूरी दुनिया में एक ही आदमी उनकी मदद कर सकता था जिसका नाम हर्बर्ट हूवर था और वह यूएस खाद्य और सहायता ब्यूरो का प्रमुख था. हूवर ने पोलैंड पर आये संकट के बारे में सुनकर तुरंत हजारों टन अनाज जहाजों में लदवा कर पोलैंड भेज दिया और इसके लिए कोई पैसा नहीं लिया. जब पोलैंड की खाद्य समस्या का कुछ निराकरण हो गया तब पेडेरेस्की पेरिस में हूवर से मिले और उन्हें सहायता के लिए धन्यवाद दिया.

हूवर ने उनसे कहा – “कोई बात नहीं, मिस्टर पेडेरेस्की… शायद आपको याद नहीं पर मुझे याद है कि आपने संकट के क्षणों में मेरी सहायता की थी जब मैं स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ रहा था”.

आगे चलकर हर्बर्ट हूवर अमेरिका का इकतीसवां राष्ट्रपति बना और उसने पोलैंड की हर मामले में सहायता की.

अच्छाई बूमरैंग की तरह पलटकर वापस आती है. ऐसा अक्सर होता है.

(A motivational / inspiring anecdote – boomerang of goodness – Herbert Hoover and Ignacy Jan Pederewski – in Hindi)

4 Comments

Filed under Stories