Category Archives: Meditations

अस्थायित्व

तूफ़ान और झंझावात

पेड़ों और पर्वतों को ध्वस्त करते हैं,

पर आकर वापस लौट जाते हैं.

फिर हमारे कर्मों की क्या बिसात!

प्रचंड तूफ़ान जब धरती से टकराता है तब वायु और वर्षा प्रलय मचाती हैं. वृक्ष जड़ों से उखड़ जाते हैं, नदियां मार्ग बदल लेती हैं, यहाँ तक कि बड़े-बड़े पर्वत भी बिखरने लगते हैं. फिर भी ऐसे प्रकोप एक-दो दिन से अधिक नहीं ठहरते. सर्वनाश की शक्ति लेकर धावा बोलनेवाले तूफानों को भी अपना डेरा-डांडा समेटना पड़ता है.

यदि प्रकृति के कर्म और प्रयत्न दो-चार दिन भी नहीं ठहरते तो मनुष्यों की रचनाओं और उपायों का क्या कहें! सरकारें बमुश्किल चंद साल घिसटती हैं, समाज अपने नियम-कायदे बदलते देखता है, परिवार बिखरते हैं, आत्मीय संबंध कलुषित होते हैं, लोग काम-धंधे से जाते रहते हैं. सहस्राब्दियों से टिके हुए स्मारक प्रदूषण और उपेक्षा सहते हैं. सब नश्वर है. मनुष्य ऐसा कुछ नहीं कर पाते जो चिरंतन रहे.

समस्त मानवीय प्रयत्न अस्थाई हैं. वे अतीत से उधार लिए जाते हैं, वर्तमान की धारा पर सवारी करते हैं, और परिस्थितियों की आज्ञा का पालन करते हुए लुप्त हो जाते हैं. वस्तुओं की क्षणभंगुर प्रकृति का ज्ञान रखते हुए उनसे लय मिलाकर चलना सर्वोत्तम नीति है.

About these ads

12 Comments

Filed under Meditations

जल

बूँदें…

जल निर्मल करता है

धरती को भरता है.

कोमल. आक्रामक. पैना.

उज्जवलित दमक सा बहता है.

सूक्ष्म हो तो निर्बल

और विशाल हो पर्वत पलटता है,

प्रखर शिखरों को धूल-धूसरित करता है.

शास्त्र कहते हैं कि जल से अधिक दुर्बल कुछ नहीं है. फिर भी संगठित होने पर इसकी शक्ति का कोई तोड़ नहीं है. यह सब बंधन तोड़ देता है. प्रचंड ज्वार और सुनामी बनकर सर्वनाश करता है. वेगवती नदियों में बहकर पर्वतों को गहरे तक छील देता है. यह दुर्दम शत्रुओं को भी नतमस्तक कर देता है.

इस को हम दूसरी दृष्टि से देखें तो… जल की विजय इसमें नहीं है कि यह सबको झुका देता है. यह जीतता है क्योंकि यह अनवरत है, कठोर है. यह डटा रहता है, हार नहीं मानता. यह सनातन, सतत, अचर, अचल, नित्य, और निरंतर है. चट्टानें इसका मार्ग रोक सकतीं हैं. यह जलाशयों में शिलाओं के भीतर शताब्दियों तक परिरक्षित रहता है. तब यह उन शिलाओं को क्यों नहीं तोड़ पाता? क्योंकि तब यह थिर रहता है. गतिहीन जल अपनी निर्ममता खो देता है.

जिस तरह जल निर्बाध और कठोर होकर स्वयं की शक्ति को व्यक्त करता है उसी तरह हमें भी जीवन में सफलता पाने के लिए स्वयं को सर्वश्रेष्ठ एवं सशक्त रूप में व्यक्त करना चाहिए. यदि ऐसा न हो तो हम भी स्वयं को वास्तविकताओं की सघन दीवारों से घिरा पायेंगे और उनसे बाहर निकलने के लिए हमेशा छटपटाते रहेंगे.

परंतु ऐसी दृढ़ता हममें कैसे आयेगी?

हम छोटे से शुरुआत करेंगे.

बूँद-बूँद.

8 Comments

Filed under Meditations